प्रदेश नंबर पांच के मुख्यमंत्री शंकर पोखरेल ने मंत्रिपरिषद की बृहस्पतिवार को देर शाम बुटवल में बैठक कर भारत नेपाल सीमा से सटे सभी जिलाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस को निर्देश दिया कि अगर कोरोना का फैलाव ज्यादा होता है, तो भारतीय अधिकारियों से बात कर भारतीय वाहनों और नेपाली वाहनों को एक दूसरे देश में आने से रोक दिया जाना चाहिए। बैठक में यह चर्चा हुई बेलहिया सोनौली के रास्ते सबसे ज्यादा पर्यटक आते जाते हैं, यह क्षेत्र कोरोना के लिए उच्च जोखिम का क्षेत्र साबित हो सकता है।
प्रदेश नंबर पांच के प्रेस प्रवक्ता शेर बहादुर के.सी. ने कहा कि यह सब आपातकाल के लिए व्यवस्था की गई है, अभी नेपाली और भारतीय वाहनों को सीमा पर रोका नहीं गया है। कोरोनावायरस को लेकर सरकार गंभीर है। जिस पर सहमति बन चुकी है।
प्रदेश सरकार के इस फैसले के बाद रूपनदेही सहित नवलपरासी और दांग में लोगों मे हड़कंप मच गया है।
शुक्रवार सोनौली कस्बे में सबसे ज्यादा भीड़ रही लोग दवा और जरूरत के सामान लेते दिखाई दिए। जबकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सोनौली सीमा पर जांच की प्रकिया बढ़ाई जाएगी और दूर दराज से आने वाले ट्रक चालकों के भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। रूपनदेही जिले के डीएम हेम बहादुर थापा ने बताया कि केंद्र से अभी ऐसी कोई आदेश नहीं मिली है।