कोरोना को लेकर सरकार से लगायत समूचा तंत्र अलर्ट मोड़ में है। जनता कर्फ्यू को लेकर प्रशासन पूरी तरह कमर कस चुका है। आज से शॉपिंग माल, होटल-ढाबा, रेस्टोरेंट, सैलून, पार्क व सभी सार्वजनिक स्थलों को बंद कर दिया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए डीएम आशुतोष निरंजन स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, अस्पतालों व मेडिकल कॉलेज के जिम्मेदारों के साथ बैठक कर मंथन कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए रविवार यानी 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया गया है। इस क्रम में सभी जिलों को भी सतर्क कर दिया गया है। जिले में डीएम ने जनता कर्फ्यू को शत प्रतिशत के क्रम में सभी सार्वजनिक स्थलों को दो अप्रैल तक के लिए बंद कर दिया है। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि कोरोना वायरस की मार से आम जन को बचाने के लिए पूरी तैयारी की गई है। सभी मॉल 21 मार्च को ही बंद कर देने का निर्देश दिया गया है।
सभी धार्मिक स्थलों को संवेदनशील मानते हुए पुलिस को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों पर भी प्रशासन की नजर है, जिससे कहीं भी भीड़ एकत्रित न होने पाए। सभी व्यापारिक, स्वयंसेवी संगठनों से अलग-अलग बैठक कर ली गई है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के साथ बैठक कर उसे दायित्व निवर्हन के लिए कहा गया है। निजी अस्पतालों को बताया गया है कि वे रूटीन चेकअप पर पूरी तरह रोक लगा दें। अपने- अपने नर्सिंग होम को सैनेटाइज करें, मरीजों की सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया जाए। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल व सभी सीएचसी, पीएचसी को 24 घंटे स्थिति से निपटने के लिए तैयार कर दिया गया है।
अब तक विदेशों से आए 45, सभी सुरक्षित
बस्ती। कोरोना वायरस को लेकर फिलहाल जिला पूरी तरह सुरक्षित है। डीएम आशुतोष निरंजन व्यवस्था पर खुद पैनी निगाह रखे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार एसीएमओ डॉ. फख्रेयार हुसैन ने बताया कि जिले में 20 मार्च तक चीन, थाईलैंड, हालैंड, जर्मनी सहित विभिन्न देशों से कुल 45 लोग आए हैं। यह सभी सुरक्षित हैं। चार की जांच कराई गई है, जिसमें तीन निगेटिव पाए गए, जबकि एक की रिपोर्ट शनिवार को केजीएमयू भेजी गई है।
21 मार्च को केंद्र सरकार व डब्लूएचओ ने विदेश से जिले में आने वाले 95 नए लोगों की सूची जारी की है। इनकी जांच के लिए मौके पर टीम रवाना हो गई। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल व मेडिकल कालेज में कोरोना वायरस के बीमारों को आइसोलेट करने के लिए वार्ड बना दिया गया है। यहीं विदेश से आने वाले सभी संदिग्ध मरीजों को भर्ती कराकर उसकी जांच कराई जा रही है। फिलहाल इन वार्डों में अब तक कोई मरीज नहीं भर्ती है। जिले में कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाया गया है।