35 और जायरीनों के उमरा जाने का हवाई यात्रा का टिकट निरस्त हो गया है। इन जायरीनों को तीन और पांच मार्च को लखनऊ, मुंबई एयरपोर्ट से जेद्दा के लिए उड़ान भरना था। सऊदी एयरलाइंस से टिकट हुआ था। टिकट निरस्त किए जाने का एसएमएस जायरीनों के पास आ चुकी है।
कोरोना वायरस को देखते हुए सऊदी अरब सरकार ने उमरा पर फिलहाल रोक लगा दी है। अकरम सी ट्रेवेल्स के प्रोपराइटर हाजी इब्तैदा हुसैन ने बताया कि 150 जायरीनों का उमरा जाने के लिए जेद्दा का वीजा लग चुका है। 80 जायरीनों का टिकट एक मार्च को गोरखपुर से था, जो निरस्त हो गया। इसकी सूचना जायरीनों को एमएमएस से मिली।
इसी तरह तीन मार्च को मुंबई से 15 लोगों की फ्लाइट थी, जबकि पांच मार्च को 20 लोगों की लखनऊ से फ्लाइट थी। अगर वीजा अवधि नहीं बढ़ी तो सबको 19-19 हजार रुपये का नुकसान संभव है। उमरा जाने वाले 35 और लोग हैं। इन सबको अलग-अलग तारीखों पर जेद्दा के लिए उड़ान भरना है। जो स्थिति है, उसमें जेद्दा जा पाना संभव नहीं दिख रहा है।
27, 28 फरवरी को मिली थी टिकट निरस्त होने की सूचना
2 मार्च को पेज नंबर दो पर प्रकाशित ‘कोरोना का असर: उमरा पर नहीं जा पा रहे 80 लोग, फ्लाइट के टिकट निरस्त’ को लेकर कंफ्यूजन हो गया था। यहां तक कि एयरपोर्ट एथारिटी से भी एक सवाल आया था कि एक मार्च की फ्लाइट तो फुल गई थी। आपको बताएं, 80 जायरीनों को एक मार्च को गोरखपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली, फिर नई दिल्ली से जेद्दा के लिए उड़ान भरना था। इससे पहले ही 27, 28 फरवरी को टिकट निरस्त होने की सूचना आ गई। इस कारण जायरीन एक मार्च को गोरखपुर एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए उड़ान नहीं भर सके।
केस- 1
खुदा बुलाएंगे तो उमरा करने जरूर जाऊंगा
मो. मुस्लिम पत्नी सैयदा खातून, बहू जैबा खातून, नाती जावेद अंसारी और हमजा अंसारी के साथ उमरा करने जाने वाले थे। तैयारियां पूरी हो गई थीं। इस बीच 28 फरवरी को एसएमएस आया और बताया गया कि कोरोना वायरस के कारण सऊदी सरकार ने उमरा जाने पर रोक लगा दी है। इस कारण फ्लाइट का टिकट निरस्त किया जा रहा है। मो. मुस्लिम की फ्लाइट 1 मार्च को थी। गोरखपुर से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरना था, फिर नई दिल्ली से जेद्दा के लिए रवाना होना था। मो. मुस्लिम के मुताबिक अब उमरा जाने के लिए खुदा पर ही भरोसा है। खुदा अगर बुलाएंगे तो उमरा जरूर जाऊंगा।
केस-2
टिकट निरस्त होने से निराश हुआ
अबरार हुसैन को भी एक मार्च को उमरा पर जाना था। गोरखपुर से फ्लाइट मिलनी थी लेकिन 28 फरवरी को टिकट निरस्त होने का एसएमएस आ गया। अबरार के मुताबिक बेटे ने उमरा जाने की तैयारी पूरी कर दी थी। अचानक टिकट निरस्त हो गया। इस फैसले से काफी दुख हुआ। यात्रा गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू होनी थी। बाद में जानकारी हुई कि कोराना वायरस के कारण उमरा जाने पर रोक लग गया है। निराशा हाथ लगी लेकिन उम्मीद कायम है।