कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच के लिए अब लखनऊ और पुणे नहीं जाना होगा। मंगलवार से बीआरडी मेडिकल कॉलेज के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर में जांच शुरू हो गई है। कोरोना वायरस के दो संदिग्ध लोगों के नमून भी जांच के लिए आ चुके है। इनकी जांच कर रिपोर्ट एक से दो दिनों के अंदर प्रशासन को सौंपी जाएगी।
बताया जाता है कि पहली जांच की रिपोर्ट मिलान के लिए पुणे भेजी जाएगी। जिससे की यह पता चल सके रिपोर्ट एमआरसी सेंटर की रिपोर्ट सही आ रही है या नहीं। क्योंकि इस तरह की जांच पहली बार बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हो रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद कोरोना वायरस की जांच के लिए 16 मार्च के बाद से ही काम शुरू हो गया था। 20 मार्च को इंजीनियरों की टीम भी मेडिकल कॉलेज में आई थी और मशीनों को लगाने का पूरा इंतजाम देखा था। इसके अलावा एमआरसी सेंटर में काम करने वाले लोगों के ट्रेनिंग की जानकारी सोमवार को टीम ने दी थी। इसी दिन ट्रॉयल भी शुरू हुआ था।
सात जिलों को मिलेगी राहत
बीआरडी में जांच होने के बाद गोरखपुर और बस्ती मंडल के सात जिलों को काफी राहत मिलेगी। इन जिलों में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, सतंकबीरन और सिद्धार्थनगर शामिल है। इसके अलावा आसपास के जिले भी जांच के लिए नमूने भेज सकेंगे। जांच के लिए इन जिलों को लंबा इंतजार नहीं करना होगा।
दो लोगों के भेजे गए है नमूने
जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में दो लोगों के नमूने भेजे गए है। इनमें एक देवरिया का रहने वाला है, जो 23 मार्च को विदेश से आया था। एयरपोर्ट पर जांच के दौरान संदिग्ध लगने पर उसे एयरफोर्स में बने आइसोलशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसके लार का नमूना लेते हुए जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा एक अन्य युवक का भी नमूना लिया गया है। इन्हीं दोनों की रिपोर्ट एक से दो दिनों के अंदर आनी है।