चार युवकों के साथ मुंबई से आया था कोरोना पॉजिटिव युवक मुंबई में दो युवक गए थे खाना बनाते समय झुलस
अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। कोरोना वायरस से संक्रमित मिले युवक की मुंबई में एंबुलेंस में इंट्री आखिरी समय में हुई थी। युवक मुंबई में पेंट-पॉलिश का काम करता है। उसके साथ गांव के चार और युवक भी वही काम करते हैं। सभी मुंबई के कांदिवली में रहते हैं। इसमें युवक का चचेरा भाई भी शामिल है। बताया जाता है कि 10 मार्च को दो युवक खाना बनाते समय झुलस गए थे। उन्हें इलाज के लिए मुंबई के मनीदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूचना मिलने पर झुलसे युवक का एक भाई भी मुंबई पहुंच गया था। पांच मई को अस्पताल प्रशासन ने दोनों को डिस्चार्ज किया था। वहां से एम्बुलेंस से सभी गोरखपुर के लिए चलने के लिए तैयार हुए। इसी बीच चचेरे भाई ने संक्रमित युवक को भी साथ ले चलने को कहां तो वह राजी हो गए। इसके बाद कोरोना पॉजिटिव युवक के साथ एक अन्य युवक को गीडा के डेंटल क्लीनिक में क्वारंटीन कर दिया गया। इस बीच जले हुए दोनों युवकों के साथ दो अन्य युवकों को गांव भेज दिया गया। --------- स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची गांव युवक के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम के निर्देशन में गांव को सैनिटाइज कराया गया। साथ एक अन्य युवक को 100 बेड के टीबी अस्पताल में क्वारंटीन करा दिया गया है। बताया जाता है कि वह गांव में क्वारंटीन जले हुए मरीजों को खाना देने जाता था। विभाग इन लोगों का नमूना भी जांच के लिए एक से दो दिनों में भेजेगा। ---------- डीएम, एसएसपी और सीएमओ ने किया निरीक्षण कोरोना पॉजिटिव की सूचना मिलने के बाद डीएम के विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता और सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने डेंटल कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उनके निर्देशन में सेंटर को सैनिटाइज कराया गया। इस बीच उन्होंने सेंटर में भर्ती लोगों की पूरी जानकारी ली। इसके बाद सीएमओ अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और वहां के हालात के बारे में जानकारी ली।