कोरोना : जनवरी में बीआरडी मेडिकल कॉलेज को मिल जाएगी वैक्सीन
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज को जनवरी में कोरोना की वैक्सीन मिल जाएंगी। इसके रखरखाव के लिए मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। बताया जा रहा है कि भारत बायोटेक के कोवैक्सीन मिलने की उम्मीद ज्यादा है। क्योंकि इसको आसानी से स्टोर किया जा सकता है। फाइजर वैक्सीन के लिए माइनस 70 से 80 के बीच तापमान होना जरूरी है। ऐसे में इसके लिए अलग से स्पेशल डीप फ्रीजर मंगाने होंगे।
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए वैक्सीन लगाने का अभियान गोरखपुर में अगले महीने से शुरू हो सकता है। इसके लिए शासन-प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। स्वास्थ्य विभाग ने करीब 26 हजार स्वास्थ्य कर्मियों की सूची कोविन पोर्टल पर अपलोड कर दी है। सीएमओ कार्यालय के पीछे एक स्पेशल कमरा भी लगभग बनकर तैयार हो गया है। वैक्सीन को इसी में रखा जाना है। इस सबके बीच बीआरडी ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर लीं हैं। बताया जा रहा है कि बीआरडी को शासन की ओर से अलग से वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के माइक्राबॉयोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ अमरेश सिंह ने बताया कि जनवरी में बीआरडी को वैक्सीन मिल जाएगी। वैक्सीन की मात्रा कितनी होगी। इसकी जानकारी अभी नहीं है।
भारत बायोटेक की कोवैक्सीन मिलने की उम्मीद ज्यादा
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि ज्यादा उम्मीद भारत बॉयोटेक के कोवैक्सीन के आने की हैं। इसी के अनुसार तैयारी भी है। फाइजर वैक्सीन की भी चर्चा है। लेकिन इसकी उम्मीद कम हैं। क्योंकि इसको स्टोर करने के लिए ज्यादा इंतजाम की जरूरत है।