कुशीनगर में बुधवार को भी कोरोना से संक्रमित मिले मरीजों की संख्या अधिक रही। जांच में 78 लोग इससे संक्रमित मिले। इस तरह कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 2127 हो गई है। इसमें से 803 एक्टिव केस हैं।
संक्रमित मिले मरीजों में जिला अस्पताल सहित विशुनपुरा और मोतीचक सीएचसी के एक-एक स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। दूसरी ओर राहत की बात यह रही कि बुधवार को 122 लोग कोरोना से जंग जीतकर अपने घर को लौट गए। इलाज के बाद अब तक कुल 1312 लोग ठीक हो चुके हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को शाम तक 1106 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 1028 निगेटिव तथा 78 पॉजिटिव केस हैं, जिनमें कसया क्षेत्र के सात, दुदही के आठ, सेवरही के पांच, फाजिलनगर के 13, नेबुआ नौरंगिया के तीन, कप्तानगंज के पांच, कुशीनगर अरबन के तीन, सुकरौली के चार, विशुनपुरा के पांच, रामकोला के 10, मोतीचक के चार और अन्य नौ मरीज दूसरे क्षेत्रों के हैं।
इस तरह कुल पॉजिटिव केस की संख्या 2127 हो गई है। इसमें 803 एक्टिव पॉजिटिव केस हैं। 12 लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई है। अब तक कुल 32315 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है। सीएमओ ने बताया कि होम आइसोलेशन में रखे गए 1397 मरीजों में 724 लोग स्वस्थ हुए हैं, जबकि जिला अस्पताल में बने लेवल-टू के अस्पताल में भर्ती किए गए 63 मरीजों में 43 और लक्ष्मीपुर के लेवल-वन के अस्पताल में भर्ती 472 में 399 स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं।