गोरखपुर जिले में गाहासाड़ के पास शुक्रवार की सुबह ट्रेन के आगे कूदकर संविदा बिजली कर्मी ने जान दे दी। बताया जा रहा है कि उसकी शादी सिकरीगंज में तय थी। सगाई भी हो चुकी है। आशंका है कि इसी वजह से उसने खुदकुशी की है। जबकि परिजन इससे इनकार कर रहे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की पहचान उरूवा थाना क्षेत्र के पचौहा निवासी 26 वर्षीय सुधीर मल्ल के रूप में हुई। वह उरूवा में ही बिजली निगम में संविदा कर्मी था।
जानकारी के मुताबिक, पचौहा निवासी सुधीर मल्ल पुत्र बैजनाथ मल्ल शुक्रवार की सुबह चार बजे घर से कहीं जाने की बात कहकर निकला और बाइक से गीडा थाना क्षेत्र के गाहासाड़ के पास पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, युवक ने रेलवे ट्रेक के किनारे बाइक खड़ी कर वहीं पर मोबाइल फोन रख दिया।
इसे भी पढ़ें: युवती को बंधक बनाकर किया सामूहिक दुष्कर्म, मां की शिकायत पर तीन आरोपी गिरफ्तार
लोग कुछ समझ पाते, तभी लखनऊ की तरफ से आ रही ट्रेन के आगे कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। मोबाइल फोन के जरिए युवक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई।
चौकी प्रभारी पिपरौली आलोक राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि सुधीर की जून में सगाई हुई थी। शादी सिकरीगंज थाना क्षेत्र के राग्घुपुर में होनी थी।