बिजली निगम की बिजली बिल राहत योजना सोमवार से शुरू होगी। इस योजना में दो किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं और एक किलोवाट के व्यावसायिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। बिजली निगम इस योजना को तीन चरण में चलाएगा। पहला चरण एक से 31 दिसंबर तक चलेगा, वहीं दूसरा चरण एक से 31 जनवरी 2026 और तीसरा चरण एक से 28 फरवरी तक चलेगा।
गोरखपुर के शहरी व ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेग। अधीक्षण अभियंता शहरी इं. लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बिजली निगम योजना के पहले चरण में सौ प्रतिशत सरचार्ज के साथ ही बकाया बिल की राशि का 25 प्रतिशत छूट देगा।
वहीं, बिजली चोरी के मामलों में राजस्व निर्धारण धनराशि में 50 प्रतिशत की छूट देगा। दूसरे और तीसरे चरण में सौ प्रतिशत सरचार्ज के साथ बिल की राशि का 20 व 15 प्रतिशत छूट देगा, जबकि बिजली चोरी में 45 और 40 प्रतिशत की छूट मिलेगी।