गोरखपुर। कमिश्नर अनिल ढींगरा ने फर्टिलाइजर परिसर में निर्माणाधीन सैनिक स्कूल का जायजा बुधवार को लिया। इस दौरान उन्होंने 50 एकड़ में बन रहे एकेडमिक ब्लॉक, हॉस्टल, मल्टीपरपज हॉल, स्वीमिंग पूल, एक्टिविटी रूम, हेल्थ सेंटर, क्लास रूम, स्टोर समेत अन्य निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी ली। कार्यदायी संस्था के लोगों ने कमिश्नर को बताया कि लगभग सभी कार्य अंतिम चरण में हैं। अक्तूबर माह के अंत तक निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
इस दौरान कमिश्नर ने देखा कि खेल मैदान में मिट्टी भराई और समतलीकरण का कार्य चल रहा है। कमिश्नर ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समय से पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में कमी और विलंब करने पर संबंधितों की जवाबदेही तय की जाएगी।
सैनिक स्कूल में कक्षा छह से 12 तक बालक-बालिकाओं को आवासीय व्यवस्था के साथ शिक्षा दी जाएगी। उनके लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाए जा रहे हैं। इस मौके पर अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।