वेंशा इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एमडी रामदेव ने भूमिपूजन किया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कलेक्ट्रेट में आधुनिक सुविधाओं से लैस दो छह मंजिला भवन बनाने के लिए शनिवार को भूमि पूजन हुआ। अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। 18 महीने में इस भवन को बनाकर तैयार करना है। इसमें 19 विभागों को शिफ्ट किया जाएगा। इससे आम लोगों को भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। एक ही जगह उनके सारे काम हो जाएंगे।
कलेक्ट्रेट परिसर में देवांश इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के एमडी रामदेव ने विधि विधान से वैदिक मंत्रों के बीच भूमि पूजन किया। योजना के मुताबिक छह मंजिला भवन के निर्माण में 240 करोड़ की लागत आएगी। इसमें जिलाधिकारी कार्यालय, सभागार, पुलिस ऑफिस सहित 19 विभागों को शिफ्ट किया जाएगा।
कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के डीपीआर के अनुसार एक साथ 500 कार और 500 दो पहिया वाहनों के पार्किंग की क्षमता इसमें होगी। भवन में 300 व्यक्तियों की क्षमता वाला एक ऑडिटोरियम भी होगा। दोनों ब्लॉकों में कुल 14 लिफ्ट लगाए जाएंगे। इस दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारी भी मौजूद रहे।