सिपाही भर्ती परीक्षा के आखिरी दिन शनिवार को 10790 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं शाहपुर इलाके के एक केंद्र से पुलिस ने दूसरी पाली में एक संदिग्ध अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया। जन्म की तारीख में अंतर मिलने पर उसके दस्तावेज और मार्कशीट आदि का सत्यापन किया गया। करीब एक घंटे तक जांच पड़ताल कर, गड़बड़ी नहीं मिलने पर उसे घर रवाना कर दिया गया।
परीक्षा के नोडल अफसर एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण रही। एक युवक के जन्म तारीख मिसमैच होने पर जांच पड़ताल की गई, सही मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।
जिले में 55 केंद्रों पर हो रही परीक्षा में पांचवे दिन 49152 महिला व पुरुष अभ्यर्थियों को परीक्षा देना था। दोनों पाली में हुई परीक्षा में कुल 38362 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। 10790 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुरक्षा जांच के लिए सभी केंद्र पर दो घंटे पहले ही अभ्यर्थियों का जमावड़ा लग गया था। गेट पर प्रवेश पत्र व दस्तावेज की जांच के बाद बायोमीट्रिक कराकर अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया।
सभी परीक्षा केंद्र पर कंट्रोल रूम बनाया गया था, जहां से कक्ष में बैठे अभ्यर्थियों के साथ ही निरीक्षक की निगरानी की जा रही थी। दोपहर 12 बजे पहली पाली की परीक्षा खत्म होने और अपराह्न तीन बजे से शुरू होने वाली दूसरी पाली की परीक्षा देने अभ्यर्थी केंद्र पर पहुंचे तो शहर के अधिकांश चौराहों पर थोड़ी देर के लिए भीड़ लग गई। यातायात पुलिस की मुस्तैदी से एक घंटे के भीतर स्थित सामान्य हो गई। रेलवे स्टेशन व बस अड्डा पर सुबह से देर रात तक अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी रही।