धूल-मिट्टी से परेशान दुकानदारों व राहगीरों ने ली राहत की सांस
संवाद न्यूज एजेंसी
महावीर छपरा। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर स्थित महावीरछपरा चौराहे पर दो साल से अधूरे पड़े सर्विस लेन को बनाने का कार्य मंगलवार से शुरू हो गया है। इससे धूल-मिट्टी से परेशान दुकानदारों व राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
दो साल से अधूरे पड़े सर्विस लेन की वजह से लोग परेशान थे। सड़क पर उड़ रही धूल से जहां दुकानदारों का व्यवसाय चौपट हो रहा था, वहीं राहगीरों को भी यात्रा में मुश्किलें आ रही थीं। एनएचएआई ने अब सर्विस लेन का काम शुरू करा दिया है। सड़क बना रहे वर्करों का कहना है कि यह सड़क करीब 500 मीटर तक की बनाई जाएगी। लगभग दस दिनों में काम पूरा कर लिया जाएगा।
महावीर छपरा चौराहे के जैन्त चौरसिया, लोकेश यादव, इंद्र प्रताप सिंह, सियाराम चौधरी, मातादीन मौर्या, गोविंद सिंह, लल्लन यादव, खजांती, कोईल ने सर्विस लेन का काम शुरू होने पर खुशी जताई है।
इनसेट
डायवर्जन बनी मुसीबत, हो रहे हादसे
गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर बेलीपार क्षेत्र के महरौली पेट्रोल पंप के सामने व डवरपार बाजार से पहले चारपान मोड़ पर गोरखपुर से कौड़ीराम की तरफ जाते समय सड़क पर मिट्टी डालकर डायवर्जन का बोर्ड लगा दिया गया है। जबकि डायवर्जन वाली सड़क पर कोई खास कार्य नहीं हो रहा है और ना ही यह क्षतिग्रस्त है। कर्मचारियों की लापरवाही का आलम यह है कि सड़क के बीच में बने डायवर्जन क्षेत्र 8 किलोमीटर के बीच में जगह अवैध कट बना दिए गए हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उधर, डवरपार बाजार के व्यापारियों का कहना है कि डवरपार में अंडरपास नहीं बना है और ना ही इस पार से उस पार जाने के लिए सड़क के ऊपर से रास्ता ही दिया गया है। जब से चारपान मोड़ पर मिट्टी डालकर सड़क बंद कर दी गई है, तब से दुकानदारी प्रभावित हो गई है। हरदिया गांव के सामने भी मिट्टी डालकर डायवर्जन किया गया है, क्योंकि सेवई, महावीर छपरा, बेलीपार सभी अंडरपास पर सर्विस लेन का काम अधूरा है। बाजारों व मुख्य जगहों पर नाले का भी निर्माण पूर्ण रूप से नहीं हुआ है।