संतकबीरनगर। सीएचसी खलीलाबाद पर मंगलवार को माहवारी स्वच्छता पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें माहवारी के बारे महिलाओं और किशोरियों को जानकारी दी गई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. राधेश्याम यादव ने कहा कि महावारी पर समाज में अभी इस पर खुलकर बात नहीं हो पाती है। शर्म और हिचक छोड़कर माहवारी के दौरान स्वच्छता अपनाया जाना सबसे जरुरी है। स्वच्छता न रखने से महिलाएं कई बीमारियों की चपेट में आ सकती हैं। बच्चियों को इस बारे में जानकारी दें, ताकि वह इन बीमारियों से बच सकें।
स्त्री व प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतू सिंह ने कहा कि मासिक धर्म अपराधबोध, शर्म या हिचक का विषय नहीं, बल्कि एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है। महिलाओं को माहवारी के दौरान साफ-सफाई के महत्व को समझाना है। गांव और शहरों में रहने वाली महिलाएं आज भी इससे जुड़ी कई जरूरी जानकारियों से अपरिचित हैं। उनको इसके बारे में बताना आवश्यक है।
चिकित्सक डॉ. रेनू यादव ने कहा कि माहवारी स्वच्छता में लापरवाही उन्हें हेपेटाइटिस बी, सर्वाइकल कैंसर, योनि संक्रमण जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रसित कर सकती हैं, इसलिए जरूरी है कि माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखें। डॉ. रचना यादव ने कहा कि माहवारी के दौरान महिलाएं खुद को नियमित रूप से साफ रखें। मासिक धर्म के दौरान सेनेटरी पैड का उपयोग करना चाहिए। माहवारी के दौरान संतुलित भोजन करना चाहिए, ताकि रक्तस्राव से हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।
इस दौरान बीपीएम अभय त्रिपाठी, बीसीपीएम महेंद्र त्रिपाठी, दिनेश चौधरी समेत अन्य मौजूद रहे।