गोरखपुर के कोतवाली में तैनात सिपाही अरुण कुमार ने शनिवार को फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। कस्बे के सिधुआपार में किराए के मकान में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच कर मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा है कि वह किसी बात को लेकर अवसाद में था।
जानकारी के अनुसार, बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के भोजउपुर गांव निवासी अरुण कुमार पुत्र वीरबहादुर 2023 के जून में बड़हलगंज कोतवाली में तैनात हुए थे। वह नगर से सटे सिधुआपार में रूदल यादव के मकान में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को ड्यूटी करने के बाद तबीयत खराब बताकर कमरे पर चले गए। शुक्रवार को वह ड्यूटी पर नहीं आए। शनिवार सुबह कमरे से बदबू आ रही थी। उसी मकान के दूसरे कमरे में रह रहे सिपाही पुष्पेंद्र वर्मा ने इसकी सूचना मकान मालिक को दी। इसके बाद मकान मालिक पहुंचे तो देखा कि अरुण के कमरे का दरवाजा बंद था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुई। वहां छत की कुंडी में गमछे के सहारे सिपाही का शव लटका मिला। घटनास्थल पर सीओ रत्नेश्वर सिंह, थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह व फारेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने परिजनों को फोन कर बुलाया। सिपाही अभी अविवाहित था।