गोरखपुर। जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी का आरोप गगहा थाने में तैनात सिपाही आलोक सिंह पर लगा है। आरोप है कि रुपये लेने के बाद उसने दूसरे को जमीन रजिस्ट्री कर दी। मामले की शिकायत पीड़ित पक्ष से पुलिस कार्यालय में की गई थी। एसएसपी के निर्देश पर पीपीगंज पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीपीगंज थाना के हरपुर गांव निवासी गोविंद सिंह ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। बताया था कि बस्ती जनपद के रुदौली थाना के टिकरी गांव निवासी आलोक सिंह, जो गगहा थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। सिपाही जमीन रजिस्ट्री करने के लिए अपने और अपने रिश्तेदारों के खातों में ऑनलाइन माध्यम से छह लाख रुपये लिए। रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रुपये वापस किए। जब रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया गया तो उसने दूसरे के नाम से जमीन रजिस्ट्री कर दी। अब रुपये भी वापस नहीं कर रहा है।
सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर पीपीगंज पुलिस ने सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आगे की जांच चल रही है, साक्ष्य के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।