गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शनिवार को समाप्त हो गई। शाम पांच बजे तक करीब 32,800 अभ्यर्थियों ने फॉर्म जमा किए हैं।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि अभ्यर्थियों के हित में ऑनलाइन करेक्शन विंडो खोलने का निर्णय लिया है। इसके तहत अभ्यर्थी 21 और 22 जून को प्रवेश पोर्टल पर जाकर अपने फॉर्म में हुई किसी त्रुटि या गलती को संशोधित कर सकेंगे। इसके बाद फॉर्म में किसी भी तरह के बदलाव का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद प्रवेश परीक्षा की समय सारिणी जारी कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि नए घोषित पाठ्यक्रमों या ऐसे पाठ्यक्रम जहां सीटों की तुलना में कम आवेदन आए हैं, वहां पिछले वर्षों की तरह आवेदन का एक और चरण प्रारंभ करने पर भी विचार किया जा रहा है। इसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
इन विषयों में आए सर्वाधिक आवेदन
प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि बीए ऑनर्स के लिए अब तक 3,718 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीएससी बायो में 3,18, बीकॉम में 2,116, बीएससी गणित के लिए 1,648 व बीएससी कृषि के लिए 1,299 आवेदन फॉर्म जमा हुए हैं। कानून के पाठ्यक्रमों में एलएलबी के लिए 3,407, बीए-एलएलबी 2784, बीबीए 1,208, बीटेक 1,113, बीफार्म 936 और बीसीए 907, बीसीए (एआईएमएल) में 541 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पीजी में एलएलएम के लिए 925, एमबीए 852, एमएससी प्राणि विज्ञान में 809, एमकॉम के लिए 641 आवेदन आए हैं।