गोरखपुर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष निर्मला पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई के लिए सेवा सत्याग्रह शुरू करेगी। शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि इस महाअभियान का थीम 'सेवा की होगी विजय, हम सबमें लल्लू अजय' है।
"कांग्रेस का सिपाही-मजदूरों का भाई" के नारे के साथ पूरे सूबे में कांग्रेसजन 25 लाख जरूरतमंदों को भोजन वितरित करेंगे। उन्होंने कहा कि 20 मई से अजय कुमार लल्लू जिला कारावास में है। उनका सिर्फ इतना सा दोष है कि वे देश निर्माता गरीब-मजदूर बहन-भाइयों की मदद करना चाहते थे लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उन्हें जेल में डाल दिया।
भाजपा सरकार हमारे सेवा कार्य को नहीं रोक सकती है। सेवा सत्याग्रह के दौरान सूबे के हर जिले में कांग्रेस पार्टी अजय लल्लू की महारसोई संचालित करेगी और 25 लाख जरुरतमंदों लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए भोजन वितरित करेगी।
उन्होंने कहा कि भले ही प्रदेश सरकार ने प्रदेश अध्यक्ष लल्लू को जेल में डाला है, लेकिन अंत में सेवा और सत्य की जीत होगी। इसलिए हमारे इस सेवा सत्याग्रह की थीम ‘सेवा की होगी विजय, हम सबमें लल्लू अजय’ रखी है। पूरे प्रदेश में इस सेवा सत्याग्रह में प्रदेश अध्यक्ष की रिहाई के लिए 10 लाख पोस्टर लगेंगे।
साथ ही इस महा अभियान सेवा सत्याग्रह में पोस्टकार्ड लिखकर और सोशल मीडिया पर बड़े अभियान के जरिये भी आवाज़ उठाई जाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक हरिद्वार पांडेय,पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मधुसूदन त्रिपाठी, जितेंद्र पांडेय, जितेंद्र पांडेय, संजय चौबे, प्रवीण पासवान, साहिल विक्रम तिवारी, अनिल सोनकर, ऊषा श्रीवास्तव, आलोक तिवारी आदि लोग मौजूद थे।