गोरखपुर। पिपराइच इलाके में पान कारोबारी के बेटे के अपहरण के बाद हत्या के विरोध में कांग्रेसियों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही राज्यपाल को ज्ञापन भेज कर प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज हो गया है।
मंगलवार को जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में कहा कि हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। अपराधियों के दुस्साहस बढ़े हैं। ऐसा लगता है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। पिपराइच थाना अंतर्गत मिश्रौलिया गांव में 14 वर्षीय बालक के अपहरण के बाद हत्या कर दी गई।
मुख्यमंत्री के गृह जनपद में इस तरह की घटना जब हो रही है तो पूरे प्रदेश का क्या हाल होगा? इस दौरान दिनेश चंद श्रीवास्तव, विनोद जोसेफ, राजेश यादव, संजय चौबे, अनिल सोनकर, साहिल विक्रम तिवारी, उषा श्रीवास्तव, राजू पांडेय, नवनीत श्रीवास्तव, नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।