एमजी इंटर कॉलेज में शिक्षकों ने किया धरना-प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। वाराणसी के शिक्षक की मुजफ्फरनगर में सुरक्षा गार्ड द्वारा की गई हत्या के विरोध में शिक्षक संगठनों की मांगों पर अब तक कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को सभी शिक्षक संगठनों ने यूपी बोर्ड की काॅपियों के मूल्यांकन का पूर्ण बहिष्कार किया। एमजी इंटर कॉलेज में निरीक्षण करने पहुंचे डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह से धरने पर बैठे शिक्षकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मांग पूरी होने तक कार्य बहिष्कार रहेगा।
उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के जिलाध्यक्ष हीरालाल गौड़ ने कहा कि शिक्षक की हत्या के विरोध में 18 मार्च को प्रदेश भर में मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन का बहिष्कार किया गया था। इस प्रकरण को लेकर शिक्षक संगठनों ने यूपी बोर्ड के सचिव को तीन सूत्रीय मांगपत्र प्रेषित करते हुए तीन दिन का समय दिया था, लेकिन कोई निर्णय नहीं लेने पर शनिवार से मूल्यांकन का पूर्ण बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।
इस मूल्यांकन बहिष्कार में उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट, चेत नारायण गुट, शर्मा गुट और अनुसूचित जाति जनजाति पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक माध्यमिक शिक्षक संघ शामिल रहा। डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों से मूल्यांकन कार्य में बाधा पहुंचाने वाले शिक्षकों की सूची मांगी गई है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।