डाकघर ने अपने खाताधारकों के साथ अन्य जरूरतमंदों के लिए कॉमन सर्विस सेंटर की सेवा शुरू कर दी है। गोरखपुर प्रधान डाकघर में इसकी स्थापना कर दी गई है। यहां पर केंद्र व राज्य सरकार से जुड़ी 73 सेवाएं मिलेंगी।
इस काउंटर से लोगों को बिजली बिल, रेल टिकट, टेलीफोन बिल, गैस समेत अन्य भुगतान करने की सेवा मिलेगी। प्रवर डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि लोगों को इससे बहुत फायदा मिलेगा।
बताया कि डाकघर में अभी तक लोग डाक संबंधित कार्य, बचत खाता या आधार कार्ड बनवाने जाते थे। अब यहां पर आमजन से जुड़ी सेवाओं की संख्या बढ़ गई है। जल्दी ही यहां अब कॉमन सर्विस सेंटर की शुरुआत हुई है।
एसएसपी ने बताया कि इस सेंटर पर जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र, पैन कार्ड और पासपोर्ट के लिए आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना के लिए भी आवेदन करने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ मोबाइल और डीटीएच रिचार्ज, फास्ट टैग, बिजली, पानी, टेलीफोन, गैस का भुगतान भी करा सकेंगे। बस, ट्रेन और हवाई जहाज की टिकट बुकिंग भी यहीं से हो सकेगी।
बताया कि अब डाकघर से एक ही छत के नीचे केंद्र सरकार एवं राज्य सरकारों की जनता से जुड़ी कामन सर्विस की 73 सेवाएं मिलेंगी। इन सब सेवाओं के लिए सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा। इससे लोगों को काफी फायदा मिलेगा।