चौक बाजार में लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में दीप जलाते सीएम योगी व सांसद पंकज चौधरी व विधायक?
- फोटो : MAHARAJGANJ
सामूहिक प्रयास से ही यूपी में आएगी खुशहाली : योगी
मासूमों के लिए अभिशाप बन चुकी इंसेफेलाइटिस पर हुआ नियंत्रण
महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में गांव से शहर तक विकास की योजनाएं संचालित हो रही हैं। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सीएम ने कहा कि प्रदेस में सामूहिक प्रयास से ही खुशहाली आएगी। पूर्वांचल में मासूमों के लिए अभिशाप बन चुकी इंसेफेलाइटिस जैसी जानलेवा बीमारी पर सामूहिक प्रयास से ही प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने ये बातें शनिवार को चौक बाजार स्थिति दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज के सामने स्थित मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
सीएम ने दोपहर 12:46 बजे जिले के विकास से जुड़ीं परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गोरखपुर और बस्ती मंडल में जुलाई से नवंबर तक का समय बेहद नाजुक होता था। हर साल न जाने कितने मासूम बच्चे असमय काल के गाल में समा जाते थे। चार दशकों तक चले मौत के इस तांडव को रोकने के लिए उनकी सरकार ने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया। इसमें समाज के हर वर्ग के लोगों का साथ मिला। आज इस जानलेवा बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा चुका है। मौतों का आंकड़ा कैसे कम हो गया, यह उन लोगों से पूछने की जरूरत है जो जाति-धर्म और मजहब के नाम पर बांटकर वोट बैंक की राजनीति करते हैं।
मुख्यमंत्री ने नवसृजित नगर पंचायत चौक बाजार, बृजमनगंज, परतावल व पनियरा की जनता को बधाई देते हुए कहा कि जल्द ही आप सभी को नगरीय सुख-सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विकास होगा तो रोजगार बढे़गा और रोजगार के साथ आम लोगों के चेहरे पर खुशहाली आएगी। उन्होंने सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास का जिक्र करते हुए किसान आंदोलन के मुद्दे पर विपक्ष को आडे़ हाथों लिया। कहा कि जिले के विकास से जुड़ीं 280 करोड़ रुपये की परियोजनाएं महराजगंज के विकास को गति प्रदान करेगी।