अब सेकेंड सीटिंग टिकट पर भी होगा कोच व सीट नंबर, यात्री नहीं होंगे परेशान अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। अब सेकेंड सीटिंग कोच में सफर करने वाले यात्रियों को अपना कोच और सीट नंबर खोजने में दिक्कत नहीं होगी। उनके पास मौजूद टिकट पर हो कोच और सीट नंबर रहेगा। एक जून से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में रेल प्रशासन ने जनरल कोच की जगह अब सेकेंड सिटिंग कोच लगाने का निर्णय लिया है। इसमें बैठने वालों लोगो को दिक्कत नहीं हो इसलिए स्लीपर की तरह ही टिकट मिलेंगे। टिकट भी आरक्षण केंद्र से ही दिया जाएगा। यात्री ऑनलाइन भी बुक करा सकते हैं। पहले जनरल टिकट पर जीएस लिखा होता था लेकिन अब कोच नम्बर डी 1, डी 2 लिखा होगा, कोच पर भी नम्बर होगा। टिकट लेकर यात्री आराम से अपने कोच में चले जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत वाशिंग पिट पर कोच पर नम्बर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक तैयारी की जा रही है। गोरखपुर से पांच ट्रेनें चलेंगी, सभी के सेकेंड सीटिंग कोच में नम्बर लगाने का काम शुरू हो गया है।