गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के समीप औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत 88 एकड़ क्षेत्रफल में बहुउद्देश्यीय प्लास्टिक पार्क को केंद्र सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की मंजूरी मिल चुकी है। इसमें करीब पांच हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। प्लास्टिक पार्क प्रोजेक्ट में करीब 125 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें परियोजना की निर्माण लागत 69.58 करोड़ रुपये में से पचास फीसदी यानी 34.79 करोड़ रुपये भारत सरकार की तरफ से अनुदान के रूप में स्वीकृत है। प्लास्टिक पार्क में विभिन्न प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण एवं पैकेजिंग की इकाइयां लगेंगी।
पेप्सिको की बॉटलिंग प्लांट समेत अन्य कई बड़ी यूनिट भी लगेंगी
आने वाले दिनों में विश्व प्रसिद्ध कंपनी पेप्सिको के बाटलिंग प्लांट समेत कई बड़ी यूनिट भी गीडा में लगेंगी। पेप्सिको की फ्रेंचाइजी की तरफ से बाटलिंग प्लांट के लिए 1071.28 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस प्लांट में करीब 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं, मेसर्स केयान डिस्टलरीज की तरफ से 702 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इसमें 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
118.3 करोड़ रुपये के मेसर्स सीपी मिल्क एंड फूड प्रोडक्ट्स प्रा. लिमिटेड में भी 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा। मेसर्स तत्वा प्लास्टिक्स पाइप्स प्रा. लिमिटेड, मेसर्स क्वार्ट्ज ओवलवेयर, मेसर्स आदित्या मोटर प्रा. लिमिटेड क्रमश: 102.3 करोड़, 50 करोड़ तथा 20 करोड़ रुपये का निवेश कर रहें हैं। इन फैक्ट्रियों में क्रमश: 110, 410 और 400 लोगों को रोजगार मिलेगा।
गीडा सीईओ पवन अग्रवाल ने कहा कि 30 नवंबर को गीडा दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा प्लास्टिक पार्क, रेडीमेड गारमेंट पार्क और फ्लैटेड फैक्ट्री का शिलान्यास प्रस्तावित है। इसके अलावा 200 करोड़ रुपये के बुनियादी विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास कराने की भी तैयारी है। औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार की दृष्टि से गीडा मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ रहा है।