वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में पारंपरिक रूप से दिवाली मनाने के साथ ही मुख्यमंत्री विकास कार्यों का भी उपहार देंगे। वह कुल 82.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। वे 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के 26 कार्यों का शिलान्यास तथा चार करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये के 26 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही लोकार्पण व शिलान्यास के बहुतायत कार्य विभिन्न गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री के हाथों दीपोत्सव के दिन जिन विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी उनमें कुसम्ही जंगल में ईको पार्क का विकास और पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार का निर्माण भी शामिल है। मुख्यमंत्री इन दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कुसम्ही जंगल में ईको पार्क का विकास 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। स्विस कॉटेज और कई सुविधाओं से युक्त ईको पार्क में पर्यटक हरियाली के साथ शांत वन में आनंद की अनुभूति कर सकेंगे। पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार के निर्माण पर एक करोड़ 91 लाख 51 हजार रुपये की लागत आएगी। इसके बन जाने से पिपराइच में बाजार व्यवस्था और बेहतर होगी और इससे स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।