सीएम योगी बोले-गुंडों को प्रश्रय देने वालों को पश्चिम बंगाल की जनता ने दिया करार जवाब
कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के बाद सीएम योगी ने जनता को किया संबोधित
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो भी जनता की उपेक्षा करेगा, विकास के पैसे पर डकैती करेगा, गुंडों को प्रश्रय देगा और सनातन का अपमान करेगा, उसका सूपड़ा साफ होना तय है। पश्चिम बंगाल की जनता ने ऐसा करके दिखा भी दिया है। बंगाल की जनता ने करारा जवाब देते हुए टीएमसी का सूपड़ा साफ कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अब पश्चिम बंगाल ‘सोनार बांग्ला’ बनेगा।
सीएम योगी मंगलवार दोपहर बाद जंगल बेनी माधव में पांच करोड़ रुपये की अधिक की लागत से नवनिर्मित कल्याण मंडपम (कन्वेंशन सेंटर) का उद्घाटन करने के साथ ही शहर के विकास से जुड़ी 612.32 करोड़ रुपये की लागत वाली 71 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि अच्छी सरकार ही अच्छा परिणाम लाती है। अच्छी सरकार न होने पर परिणाम पश्चिम बंगाल जैसा होता है। जब अच्छी सरकार होती है तो वह अच्छा कार्य भी करती है। उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और कुछ करने का दृढ़ संकल्प हो तो सार्थक परिणाम भी आते हैं। आज वही परिणाम गोरखपुर और समूचे उत्तर प्रदेश में दिख रहा है।
सीएम योगी ने लोगों को याद दिलाया कि डबल इंजन सरकार के आने से पहले गोरखपुर का बंद खाद कारखाना कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों के भ्रष्टाचार का स्मारक बना हुआ था। आज यह खाद कारखाना शानदार तरीके से चल रहा है।