नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन वाली रैली में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2024 तक हर घर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होगी। इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काम शुरू कर दिया है। जल शक्ति मंत्रालय तेजी से पाइप से पानी घरों तक पहुंचाने में लगा है। यूपी में यह काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज खेल मैदान की रैली में भीड़ देखकर उत्साहित मुख्यमंत्री ने जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, रसोई गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन दिए गए। जिन गांवों में बिजली नहीं थी, वहां अब उजाला है। जनता केंद्र और प्रदेश सरकार के कामकाज को सराह रही है। यह विपक्ष से देखा नहीं जा रहा। विपक्षी विकास के मुद्दे पर चर्चा से भागने लगे हैं। इसी का नतीजा है कि सीएए पर भ्रम फैलाकर उत्पात मचाने की कोशिश की गई। यूपी में अब गुंडागर्दी नहीं चलेगी। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद को बढ़ावा देने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसमें किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
इस मौके पर राजसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला, सांसद कमलेश पासवान, विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल, फतेहबहादुर सिंह, विपिन सिंह, शीतल पांडेय, संगीता यादव, डॉ. विमलेश पासवान, महेंद्र पाल सिंह, कामेश्वर सिंह, रमेश सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विश्वजिताशु सिंह आशु, प्रदीप शुक्ला, रत्नेश पांडेय, बृजेशराम त्रिपाठी, बृजेशमणि मिश्र, राहुल तिवारी, केएम मझवार, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव, अच्युतानंद शाही, रमेंद्र प्रताप चन्द, अशोक मिश्र, जितेंद्र बहादुर चन्द, मौजूद रहे।