गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को परेशान कर उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जमीन से जुड़े पारिवारिक विवादों के मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी संवाद के जरिए समाधान कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में न्यायपूर्ण तरीके से सभी पक्षों की हिस्सेदारी तय कराई जाए, ताकि विवाद का उचित निस्तारण हो सके।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित मेडिकल एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजी जाए, जिससे जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
गोवंश को दुलारकर खिलाया गुड़
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रविवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ समय बिताया और गोवंश को दुलारकर अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इस दौरान एक गोवंश को गुड़ खिलाते हुए उन्होंने स्नेहपूर्वक पूछा, 'हो गया न, और खाएगा?'