प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में गरीब परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक निशुल्क इलाज मिलता है। जो गरीब परिवार इस योजना से वंचित रहे गए हैं उन्हें मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान का लाभ दिया जाएगा। सीएमजेएवाई में भी गरीब परिवार को पांच लाख रुपये प्रति वर्ष निशुल्क चिकित्सा का लाभ दिया जाता है। लाभार्थी योजना के तहत इंपैनल्ड निजी अस्पताल या सरकारी अस्पताल में निशुल्क इलाज की सुविधा ले सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह बात पीएचसी खोराबार में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के उद्घाटन के अवसर पर कही। जन आरोग्य मेले में 1072 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह पौने दस बजे खोराबार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने फीता काट कर मुख्यमंत्री अरोग्य स्वास्थ्य मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने सूबाबाजार से मां तस्लीमा के साथ आई सात माह की रोजी, माता बेबी के साथ आई सात माह की आस्था और जंगल सिकरी की सरिता के सात माह के बेटे करन को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। मेले में स्वास्थ्य जांच कराने आई गर्भवती अंजली, सरिता, सुमिता, अन्नू और विमला की गोद भराई की रस्म पूरी कराई। महिलाओें ने मुख्यमंत्री के हाथों गोदभराई की रस्म अदा किए जाने को जीवन का सबसे यादगार क्षण करार दिया।
प्रदेश में 4300 से अधिक पीएचसी पर तीन लाख से अधिक को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला प्रदेश भर में 4300 से अधिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जा रहा है। पहले आरोग्य स्वास्थ्य मेले में प्रदेश में तीन लाख से अधिक लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इन मेलों में जनता को केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की भी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से सरकार की निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की की अपील की।
इस मौके पर सांसद रवि किशन, ग्रामीण विधायक विपिन कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख शैलेश यादव, भाजपा नेता राजेश गुप्त, मोलई, सुभाष पासवान, सुरेश तिवारी, बिमलेश, लक्ष्मी नारायण, रामकेवल, अवधबिहारी, ध्रुव कुमार शर्मा, विनय सिंह, रमेश राय, शिवप्रकाश शुक्ल, चंदन जयसवाल, मनोज कुमार गुप्त, पूर्व प्रमुख विजय प्रताप सिंह, हौसिला सिंह, खोराबार मंडल अध्यक्ष छोटेलाल पासवान, विधायक प्रतिनिधि प्रभाशंकर तिवारी मौजूद रहे।