उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रस्तावित संसाधनों को सैफई ले जा रही थी। उन्होंने विरोध करते हुए कहा था कि यदि इस क्षेत्र का विकास सैफई ले जाया जा रहा है तो बूचड़खाना भी वहीं ले जाया जाए। गोरखपुर अपना विकास स्वयं कर लेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर कई दिनों तक संघर्ष चला और अंततः वे इसमें सफल हुए।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीडा की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 502 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके साथ ही पांच कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हैंडलूम और टेक्सटाइल उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए लेटर ऑफ कंफर्ट दिए जा रहे हैं। साथ ही नई आवासीय योजना की शुरुआत भी की जा रही है।
सीएम योगी ने इन उपलब्धियों को गीडा के 37वें स्थापना दिवस का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए गोरखपुर और सहजनवा के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये सभी पहल क्षेत्र के औद्योगिक और विकास संबंधी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।