फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: सीएम योगी बोले- कंबल वितरण, रैन बसेरों के संचालन व अलाव के लिए हर जिले को पर्याप्त धनराशि जारी

Mon, 29 Dec 2025 01:51 PM IST
रोहित सिंह अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

सीएम योगी रविवार शाम गोरखपुर महानगर में दो रैन बसेरों का निरीक्षण करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर जरूरतमंद को रैन बसेरों में अच्छी सुविधा दी जाए। प्रशासन को इसे प्राथमिकता पर लेते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कंबल का इंतजाम हो। 
विज्ञापन
सीएम योगी भोजन वितरित करते हुए - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भीषण शीतलहर से गरीबों और हर जरूरतमंद को बचाने के लिए सरकार संवेदनशील है। किसी को कोई भी दिक्कत न हो, इसके लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। लोगों को भीषण शीतलहर से बचाने के लिए कंबल व ऊनी वस्त्र वितरण, रैन बसेरों के संचालन और अलाव की व्यवस्था करने के प्रदेश के सभी जिलों में पर्याप्त धनराशि जारी की गई है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने बताया कि भीषण शीतलहर में, आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को बंद करने तथा अवकाश घोषित करने हेतु जिलाधिकारियों को कहा गया है। कहा कि बहुत आवश्यक हो तो वर्चुअल माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था की जाय।

सीएम योगी रविवार शाम गोरखपुर महानगर में दो रैन बसेरों का निरीक्षण करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर जरूरतमंद को रैन बसेरों में अच्छी सुविधा दी जाए। प्रशासन को इसे प्राथमिकता पर लेते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कंबल का इंतजाम हो।

साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाए। साथ ही यदि किसी के पास भोजन की व्यवस्था नहीं है तो उसे भोजन भी उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने टीपीनगर पास तथा धर्मशाला बाजार स्थित बने रैन बसेरे का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की पड़ताल की।

सीएम योगी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीएम योगी ने रैन बसेरों में ठहरे सभी लोगों से कुशलक्षेम जानने के साथ उनसे आत्मीय संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि यहां रैन बसेरों में कोई परेशानी तो नहीं। सबने व्यवस्था को लेकर संतोषजनक जवाब दिया। दोनों रैन बसेरों के बाहर मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से जरूरतमंदों में कंबल व भोजन का वितरण कर उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनकी सेवा को प्रतिबद्ध है। 

रैन बसेरों का निरीक्षण और जरूरतमंदों में कंबल-भोजन का वितरण करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान समय में उत्तर भारत व पूरा उत्तर प्रदेश भीषण शीतलहर की चपेट में है। भीषण शीतलहर में जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के सभी जनपदों में भरपूर धनराशि उपलब्ध कराई है।

प्रशासन और सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने जनपदों में जरूरतमंदो के लिए कंबल व ऊनी वस्त्रों का वितरण, सार्वजनिक स्थानों पर अलाव तथा रैन बसेरों के संचालन की व्यवस्था की जा रही है।

सीएम योगी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिनके पास साधन हैं, वे इस भीषण शीतलहर में अन्य जरूरतमंदो को सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने लोगों से प्रतिकूल मौसम में सतर्क और सावधान रहने की अपील की। कहा कि भीषण शीतलहर से बचें। धुंध और कोहरे को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें।
विज्ञापन

सीएम योगी कंबल वितरित करते हुए - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
यात्रा जरूरी हो तो स्पीड सीमित रखें। उन्होंने कहा कि जिस तरफ पौधों को पाला से बचाने के लिए सिचाई की जाती है, गर्मी में लू से बचने के लिए भरपूर पानी का सेवन किया जाता है, उसी प्रकार भीषण ठंड में भी शरीर को पानी की कमी न होने दें। मुख्यमंत्री ने लोगों से यह भी अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलते रहने दिया।

उन्होंने कहा कि अलाव की लकड़ी को उठाकर न ले जाएं। भीषण शीतलहर में यह जरूरतमंदों के लिए है और पशुओं को भी इससे मदद मिलती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर महानगर में 480 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। 22000 से अधिक जरूरतमंदों में कंबल और ऊनी वस्त्रों का वितरण किया जा चुका है। ये सभी गरीबों के प्रति, जरूरतमंदों के प्रति सरकार के संवेदनशील अभियान का हिस्सा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें