इस संदर्भ के उन्होंने पूर्व की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि व्यापारियों और उद्यमियों से गुंडा टैक्स की वसूली सपा सरकार के संस्कार का हिस्सा था। गीडा के प्लास्टिक पार्क में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 2017 के पहले निवेश सपना था।
डबल इंजन सरकार के द्वारा प्रतिबद्धता से जनसेवा के किए गए कार्यों का परिणाम है कि आज प्रदेश में विकास, निवेश और रोजगार की संभावनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा का माहौल बनता है तो निवेश आता है। निवेश से नौकरी और रोजगार के द्वार खुलते हैं।
रोजगार से खुशहाली आती है और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। डबल इंजन की सरकार सुरक्षा का माहौल देकर समृद्धि का मार्ग सुगम कर रही है। उन्होंने बिना नाम लिए सपा पर शाब्दिक प्रहार करते हुए कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने वाले, प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने वाले लोगों ने नागरिकों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया।
वोट बैंक की राजनीति में सुरक्षा से खिलवाड़ किया। बेटी-बहन की इज्जत की परवाह नहीं की, मातृशक्ति की गरिमा का ख्याल नहीं किया। ऐसे लोगों से विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है। जब ऐसे लोगों को मौका मिला और विकास नहीं करा पाए तो वे आगे भी नहीं करा पाएंगे।
सीएम योगी ने भूमि पूजन किया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
समाज में अराजकता और वैमनस्यता फैलाई सपा ने
सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार में उद्यमियों, व्यापारियों से वसूली होती थी, गुंडा टैक्स लिया जाता था। आज ऐसा करने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। किसी ने गुंडा टैक्स वसूला तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार करते मिलेंगे। सपा सरकार में बिजली यदा कदा आती थी। ये उजाले के दुश्मन थे।
उन्होंने समाज में अराजकता फैलाई। जातीय आधार पर सामाजिक तानाबाना छिन्न भिन्न किया। तुष्टिकरण को बढ़ावा देकर वैमनस्यता पैदा किया। जब सत्ता में ऐसे लोग होते हैं तो विकास पीछे छूट जाता है, युवा पलायन को मजबूर होते हैं। आज सरकार की स्पष्ट नीति, साफ नीयत और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है कि देश और दुनिया का सबसे अच्छा निवेश यूपी में हो रहा है। निजी क्षेत्र में हुए निवेश से 60 लाख लोगों को रोजगार मिला है।
पुलिस में भर्ती पाने वाले के परिवार को करें सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में 60 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती हुई है। इनमें गोरखपुर से भी काफी संख्या में युवा भर्ती हुए हैं। उन्होंने अपील की कि जिन गांवों के युवा पुलिस में भर्ती हुए हैं, ग्रामीणों को उनके परिवार को सम्मानित करना चाहिए।