योगी सरकार ने प्रदेश में कोरोना कंट्रोल के लिए पंचायत चुनाव में पांच से अधिक लोगों की जुटान पर रोक लगा दी है। साथ ही आदेश दिया है कि यदि चुनाव के बीच कोई गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करता है या चुनाव प्रक्रिया में खलल डालता है तो उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाए।
उत्तर प्रदेश में चल रहे पंचायत चुनाव के दौरान लोक व्यवस्था भंग करने वाले व उपद्रवी तत्वों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि उपद्रव के दौरान संपत्ति को क्षति पहुंचाने वालों से वसूली भी की जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पहले चरण में गड़बड़ी करने वालों को चिह्नित कर ऐसी कार्रवाई करें जो आने वाले चरणों के लिए नजीर बने। अवस्थी ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने पर इस कार्य में लगे पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है।
अवनीश अवस्थी ने कहा कि कल पंचायत चुनाव का पहला चरण पूरा हुआ है। करीब 51 हजार बूथों पर चुनाव हुआ। चार-छह बूथों को छोड़कर आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पंचायत चुनाव से जुड़े हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उत्तर प्रदेश में हर रविवार को लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई है।