मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सभागार में कोरोना नियंत्रण के लिए अब तक उठाए गए कदमों की समीक्षा करेंगे। इसमें गोरखपुर मंडल के जिले गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के अधिकारी शामिल होंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री मंडल के जिलों में इलाज की व्यवस्था, कोविड अस्पतालों में चिकित्सा कर्मियों, दवाओं, मेडिकल उपकरणों, ऑक्सीजन उपलब्धता, एल-2 और एल-3 श्रेणी अस्पतालों में वेन्टिलेटर, हाई फ्लो नेजल कैन्युला (एचएफएनसी) की उपलब्धता आदि की समीक्षा करेंगे। सभी जिलों में बनाए गए कोरोना और गेहूं खरीद के कंट्रोल रूम की कार्यशैली की जानकारी लेंगे। साथ ही वह कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश देंगे।
बैठक में कमिश्नर, डीएम, सीडीओ, सीएमओ समेत मंडलीय और जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान सीएम जिले में कोविड-19 के संक्रमण के बीच चल रही गेहूं खरीद की भी समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने के बाद शहर के किसी एक कंटेनमेंट जोन का भी निरीक्षण कर वहां के इंतजाम का जाएजा लेंगे।
मुख्यमंत्री बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एल-3 श्रेणी के कोविड अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। यह अस्पताल फिलहाल 300 बेड की क्षमता पर चल रहा है। सीएम निरीक्षण के दौरान मरीजों से फीडबैक भी लेंगे। उसके बाद बीआरडी प्रबंधन के साथ बैठक करेंगे।