गोरखपुर में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अराजक तत्वों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अराजकतत्व सुधरे तो उनके लिए अच्छा है नहीं उनकी मनचाही यात्रा यानि जेल जाने के लिए तैयार रहें। बता दें कि सीएम योगी राजकीय जुबली इंटर कॉलेज गोरखपुर के परिसर में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे हैं।
उन्होंने गोरखपुर को 185 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा दिया। इस दौरान उन्होंने 139.62 करोड़ की 14 परियोजनाओं का लोकार्पण व 45.44 करोड़ की छह परियोजनाओं का शिलान्यास किया। ज्यादातर परियोजनाएं पिपराइच, गोरखपुर शहर, ग्रामीण, कैंपियरगंज और चौरीचौरा, बांसगांव विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी हैं।
सीएम योगी ने कहा कि 1885 में राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, गोरखपुर की स्थापना हुई थी। यहां पर 4000 से अधिक बच्चे दो पालियों में पढ़ते थे। प्रदेश सरकार द्वारा धनराशि देकर भवन निर्माण करवाया गया है। अब यहां सभी बच्चे एक ही पाली में पढ़ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यहां पर नवीन संकेतक राजकीय मूक बधिर बालिका इंटर कॉलेज, ITI, बाढ़ बचाव योजना, सड़क और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं आदि के लोकार्पण और शिलान्यास कर, गोरखपुर निवासियों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।
सीएम ने कहा कि हमारी शिक्षण संस्थाएं सिर्फ डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं अपितु इसलिए हैं ताकि एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से हम उस चुनौती का सामना करने के लिए खुद को तैयार कर सकें जो हमारे निजी, सामाजिक एवं राष्ट्रीय जीवन की प्रगति में बाधक बने हुए हैं। देश की सुविधाओं की जानकारी लेना व समाज में उसे बताना सबका दायित्व बनता है। जब कुत्सित प्रयासों से आग के हवाले किया जाता है तो उसके दुष्प्रभाव से देश भी अछूता नहीं है। सीएए नागरिकता देने का कानून है उसके बाद भी उसके नाम पर लोगों को गुमराह किया गया। इसीलिए सरकार सम्पति की भरपाई करवाएगी। चेहरों को चिन्हित किया जा रहा है, वे सुधरेंगे तो ठीक वरना जेल की यात्रा करनी पड़ेगी।