सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन के उद्घाटन के मौके पर वर्चुअल संवाद के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब गोरखपुर जिले के उनौला की ग्राम प्रधान सुधा सिंह से कहा कि आप बहुत अच्छा काम कर रही हैं, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। एमए-एमएड तक शिक्षित एवं नीना थापा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य एवं उनौला दोयम की ग्राम प्रधान सुधा सिंह ने अपने ग्राम पंचायत में हर घर में पेयजल पहुंचाया है। उन्होंने स्ट्रीट लाईट एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर भी अच्छा काम किया है।
सुधा सिंह: आपके चरणों में कोटि कोटि प्रमाण।
सीएम: जी नमस्ते
सुधा सिंह: सर मैं उनौला दोयम की प्रधान हूं। नीना थापा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य हूं। आपके सहयोग से ग्राम पंचायत, सार्वजनिक शौचालय, आंगनबाड़ी, मॉडल पोखरे का सुंदरीकरण, विधायक एवं सांसद निधि से सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। सोलर लाईट, स्ट्रीट लाईट, शुद्ध पेयजल और कूड़ेदान का इंतजाम है। मेरे गांव की जनता बहुत खुशहाल है जिसके लिए हम सब आपके आभारी हैं। सौभाग्यशाली हैं कि हमें ऐसे मुखिया मिले हैं।
सीएम: बहुत बढ़िया, सामुदायिक शौचालय की साफ-सफाई होती है?
सुधा सिंह: जी सर, जी सर। इसके लिए प्रगति समूह की विधवा महिला जानकी सेवाएं देती हैं जिन्हें 6000 रुपये मासिक मानदेय मिलता हैं। वह साफ-सफाई का पूरा इंतजाम करती हैं।
सीएम: बहुत अच्छा काम कर रहे हैं आप लोग।
सुधा सिंह: जी सर
सीएम: देखिए पहले आपका गांव जंगल में था। आप लोगों ने सरकार की योजनाओं का लाभ लिया, उससे आपका गांव भी अब आगे की पंक्ति में खड़ा हो गया है। गांव में केंद्रीय विद्यालय भी बन रहा है।
सुधा सिंह: जी सर, आपका देन है कि मेरा गांव स्वर्ग है। आज गांव जितना भी विकास कार्यो में आगे है आप की वजह से है। गांव की जनता आपकी आभारी और खुशहाल है। मेरे गांव में केंद्रीय विद्यालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में तीन माह का वक्त बचा है, वे ग्राम्य विकास की शेष योजनाओं को भी सिरे चढ़ाने का यत्न करेंगी।