अक्षयपात्र फाउंडेशन की केंद्रीयकृत रसोई के उद्घाटन अवसर पर बोले सीएम योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि घर हो या बाजार, भोजन की क्वालिटी देखनी हो तो शुरुआत स्वच्छता से करें। स्वच्छता में असावधानी होने पर ही फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाएं होती हैं।
नकहा जंगल में अक्षयपात्र फाउंडेशन की केंद्रीयकृत रसोई के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए सबको सोचना चाहिए। हम स्वस्थ तभी रहेंगे जब हमारा आहार भी स्वस्थ होगा। स्वस्थ आहार से शरीर स्वस्थ होगा और शरीर स्वस्थ रहने पर ही मस्तिष्क भी स्वस्थ होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षयपात्र फाउंडेशन के सहयोग से गोरखपुर में स्कूली बच्चों को पौष्टिक भोजन प्राप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुपोषण मिशन के लक्ष्य को प्राप्त कर विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे भी भविष्य में समृद्ध समाज और सशक्त राष्ट्र का आधार बनेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अक्षयपात्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ट्रस्टी बी. दास ने की। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, अक्षयपात्र फाउंडेशन के अनंत वी.दास प्रभुजी, रसराज कृष्णदासजी, मुकेश तिवारी, भाजपा नेत्री शकुंतला चौहान, भाजपा के महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
शिक्षा से ही समाज का वर्तमान और भविष्य
सीएम योगी ने कहा कि शिक्षा से ही समाज का वर्तमान और भविष्य तय होता है। उन्होंने बेसिक शिक्षा के नए सत्र को लेकर शिक्षकों का आह्वान किया कि वे प्रयास करें कि एक भी बच्चा स्कूल आने से वंचित न रहे। बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, जूता, मोजा आदि समय से उपलब्ध कराया जाए।
अक्षयपात्र फाउंडेशन ने सीएम योगी का जताया आभार
अक्षयपात्र फाउंडेशन के सह संस्थापक एवं उपाध्यक्ष चंचलापति दास ने रसोईघर के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को करीब 2.5 एकड़ भूमि और निर्माण में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अक्षयपात्र का मिशन है कि कोई भी बच्चा भूख की वजह से शिक्षा से वंचित न रहने पाए।
हर घंटे तैयार होंगी 40 हजार रोटियां
अक्षयपात्र की यह रसोई पीएम पोषण योजना के तहत गोरखपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के बच्चों के लिए प्रतिदिन एक लाख गर्म, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार और वितरित करने की क्षमता रखती है। विशेषीकृत रसोई उपकरणों में दो रोटी मेकिंग मशीनें हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता प्रति घंटे 40 हजार रोटियां तैयार करने की है। भोजन वितरण के लिए 23 इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े का संचालन कर रही है।
सीएम ने बच्चों को परोसा भोजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोईघर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बच्चों को रसोईघर में तैयार भोजन परोसा। आंवले का पौधा भी रोपित किया।