सड़क के एक तरफ नाले का भी निर्माण होगा। यानी दोनों तरफ की सड़क 12-12 मीटर की होगी। आधे मीटर चौड़ाई में डिवाइडर का निर्माण होगा। सिक्स लेन के लिए करीब 28 मीटर चौड़ाई तक अतिक्रमण हटाया जाएगा व डिवाइडर भी बनेगा। इसी के नीचे बिजली के अंडर ग्राउंड तार बिछाए जाएंगे। डिवाइडर पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगेगी।
सिक्स लेन के साथ ही इस रूट के पांच चौराहों का भी सुंदरीकरण और चौड़ीकरण किया जाएगा। विभाग के मुताबिक, पैडलेगंज, ट्रांसपोर्टनगर, देवरिया बाईपास तिराहा, रुस्तमपुर और राजघाट तिराहे का सुंदरीकरण किया जाएगा। शास्त्री चौक से ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए नौसड़ तक मेट्रो भी गुजरनी है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी डिवाइडर की जगह पिलर के लिए करीब ढाई मीटर जगह छोड़ेगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
ज्यादा अधिगृहीत नहीं करनी होगी जमीन
सिक्स लेन के लिए लोक निर्माण विभाग को दोनों तरफ ज्यादा जगहों पर जमीन अधिगृहीत नहीं करनी होगी। विभाग के मुताबिक काफी दूरी तक सड़क के किनारे विभाग की जमीन है मगर उसपर कब्जा हो गया है। उसे हटाया जाएगा। कुछ ही जगहों पर सड़क चौड़ी करने के लिए जमीन अधिगृहीत करनी पड़ेगी।
शहर से वाराणसी या लखनऊ रूट पर जाने के लिए पैडलेगंज से नौसड़ होते हुए गुजरना पड़ता है। ट्रैफिक लोड अधिक होने की वजह से प्राय: जाम लग जाता है और लोगों को देरी होती है। रुस्तमपुर, टीपी नगर और राजघाट तिराहे के पास प्राय: लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। इस सड़क के सिक्स लेन हो जाने के बाद लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
सीएम कार्यालय ने ट्वीट कर दी जानकारी
जिले के विकास के लिए पैडलेगंज से नौसड़ तक सिक्स लेन की इस पहल को सीएम कार्यालय ने ट्वीट के जरिए भी साझा किया है। ट्वीट में जानकारी दी गई है कि गोरखपुर में नौसड़-पैडलेगंज सिक्स लेन के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए तीन करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने की मुख्यमंत्री ने स्वीकृति दे दी है।