मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे 26 सितंबर को देवरिया आना था। लेकिन तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से नहीं आ पा रहा हूं। उन्होंने कहा कि बारिश में किसानों की फसलों का नुकसान और जनहानि हुई हो तो उसका मुआवजा 24 घंटे में प्रशासन मुहैया कराएगा। गन्ना किसानों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ना मूल्य का भुगतान समय सीमा के अंदर कराने का निर्देश दिया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास योजनाओं की चर्चा की। कहा कि देवरिया बाबा देवरहा की तपोभूमि है। यहां का मेडिकल कालेज उनके नाम से किया गया है। इसमें राजस्थान के राज्यपाल एवं तत्कालीन सांसद रहे कलराज मिश्र का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि देवरिया में मरीजों के डायलिसिस की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
आठ करोड़ की लागत से बनेगा शहीद संग्रहालय
गांधी आश्रम परिसर एवं देवरिया क्लब परिसर में आठ करोड़ की लागत से सुंदरीकरण, संग्रहालय आदि के निर्माण का प्लान प्रशासन ने तैयार कराया है। डीएम अमित किशोर ने बताया कि प्रोजेक्ट शासन को भेजा गया था। मुख्यमंत्री ने शहीद रामचंद्र विद्यार्थी के नाम पर संग्रहालय बनाने की संस्तुति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने 309.02 लाख की लागत से उसरा बाजार में कूड़ा डंपिंग ग्राउंड की बाउंड्रीवाल व गेट का निर्माण, 165 लाख की लागत से लार में गो आश्रय स्थल का निर्माण के अलावा देवरिया, बरहज, रामपुर कारखाना, गौरीबाजार, बरियारपुर, रुद्रपुर, भटनी, सलेमपुर, लार, मझौलीराज, भाटपाररानी में एआरएफ सेंटर का का शिलान्यास किया।
उन्होंने चुरिया में यात्री विश्रामालय, बरहज, रामपुर कारखाना में पशु चिकित्सालय, अग्रसेन इंटर में सड़क निर्माण कार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक में निर्माण कार्य, सांडा-जोगिया मार्ग, बरौली-करायल मार्ग, सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन, एसपी कैंप कार्यालय में एक कक्ष निर्माण, डीएम कैंप कार्यालय में मीटिंग हाल, राज्य वित्त परियोजना के अंतर्गत 91 परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
कृषि मंत्री ने दिया सीएम को ब्योरा
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही देवरिया के विकास योजनाओं के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद, डीएम अमित किशोर, मुख्य विकास अधिकारी शिव शरणप्पा, एसपी डा. श्रीपति मिश्र, अध्यक्ष नगरपालिका अलका सिंह, भाजपा नेता अजय शाही, महामंत्री श्री निवास मणि, हेमंत मिश्र, नगर अध्यक्ष संजय पांडेय, प्रमोद शाही, अंबिकेश पांडेय, रमेश वर्मा आदि मौजूद रहे।