सीएम ने जन्माष्टमी की दी बधाई, बोले-संकट में धैर्य न खोएं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मदिन विपत्ति में धैर्य न खोने और मजबूती से हर चुनौती का सामना करने का साहस प्रदान करता है। कोरोना संकट के बीच बाढ़ जैसी त्रासदी का सामना कर रहे पीड़ित परिवारों को धैर्य का परिचय देना होगा। इन चुनौतियों से जल्द पार पा लेंगे।
व्यापक परीक्षण हो रहा फिर भी सावधानी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कोरोना वॉरियर्स को नमन किया और कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई को कोरोना वॉरियर्स ने मजबूती प्रदान की है। वह जनता की सेवा में दिन-रात लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत सारे साथी जिन्होंने कोरोना से लड़ते हुए अपनी जान दे दी, उन्होंने प्रेरणा दी है कि दो गज की दूरी और मास्क जरूरी है। 85 फीसदी मामले ऐसे हैं जिनमें लक्षण नहीं दिखते। उन्होंने कहा कि यूपी में एक लाख टेस्ट प्रतिदिन कराए जा रहे हैं। प्रदेश की आबादी 24 करोड़ है। ऐसे में व्यापक परीक्षण के बीच भी सावधानी जरूरी है। उम्रदराज लोग बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। 10 साल से कम उम्र के बच्चों को घर में ही रखें। संदेह होने पर हर कोई कोरोना की जांच कराए। संक्रमण को छिपाने पर घर, गांव के लोग भी प्रभावित होंगे।
2017 से 90 फीसदी कम हुई इंसेफेलाइटिस से मौतें
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के साथ ही मस्तिष्क ज्वर, जेई, एईएस, डेंगू और मलेरिया के खिलाफ मुहिम छेड़कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर किया गया है। जेई-एईएस से मध्य जुलाई से नवंबर तक 1200 मौतें होती थीं, लेकिन 2017 से अब तक मौत के इन आंकड़ों में 90 फीसदी कमी आई है। जनता का भी सहयोग मिल रहा है। इस बार आधे मरीज और आधी मौतें हुईं हैं।
... और गश खाकर गिर पड़े एडीएम
मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक पहले कार्यक्रम स्थल पर अचानक एडीएम प्रशासन चतुभुर्जी गुप्ता गश खाकर गिर गए। आनन-फानन में उन्हें एक तख्त पर लिटाया गया और प्रारंभिक उपचार के बाद डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने उन्हें जिला अस्पताल भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि ब्लड प्रेशर संबंधी दिक्कत की वजह से वह अचानक बेहोश हो गए।
मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर हुआ सैनिटाइज
कार्यक्रम के दौरान पंचायतीराज विभाग के सफाई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को पूरी तरह सैनिटाइज किया। इसी तरह उनके कार्यक्रम स्थल को भी सुबह से लेकर समापन तक कई बार सैनिटाइज किया जाता रहा।