गोरखपुर। नौसढ़-पैडलेगंज सिक्स लेन निर्माण से राहत मिलने से पहले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माणाधीन सड़क पर पानी नहीं डाला जा रहा है, इस कारण धूल से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही है। तेज गति से चल रही पछुआ हवा के कारण सड़क और आसपास के क्षेत्रों में धूल का गुबार नजर आ रहा है।
ट्रांसपोर्ट नगर से फलमंडी की ओर सड़क निर्माण कार्य के कारण धूल उड़ रही है। फल मंडी जाने-आने वाले लोगों को इस धूल से परेशान होना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि इधर से गुजरने वालों में कोई सिर पर गमछा बांधे है तो कोई धूल से बचते हुए आगे बढ़ता दिखा। फलमंडी से रुस्तमपुर की ओर बढ़ते ही नाला निर्माण का काम चल रहा है, लेकिन सड़क के किनारे कच्ची मिट्टी के कारण वहां धूल उड़ रही है।
पैडलेगंज की ओर भी निर्माणाधीन सड़क से धूल उठ रही है। रुस्तमपुर निवासी सुशील पाल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण धूल उड़ रही है। यदि पानी डाला जाता तो ऐसी नौबत नहीं आती। रुस्तमपुर की कोच नेहा सिंह ने बताया कि सिक्सलेन निर्माण के बाद सुविधाएं बढ़ जाएंगी, लेकिन धूल उड़ने के कारण बहुत दिक्कत हो रही है। महेवा मंडी के व्यापारी पवन सिंघानिया ने कहा कि आंखों में अचानक धूल पड़ने से परेशानी हो रही है।
लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने कहा कि पैडलेगंज से नौसढ़ सिक्स और देवरिया बाईपास फोरलेन पर उड़ रही धूल को दबाने के लिए पानी डालने के निर्देश दिए गए हैं।