- पूर्वाह्न 11 बजे तक छाया रहा कोहरा, पूर्वी यूपी में फिलहाल बारिश के आसार नहीं
- 25 नवंबर तक सुबह हल्के से मध्यम तक कोहरा बने रहने का अनुमान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मौसम ने बुधवार को फिर करवट ली। आसमान में बादल घिरने की वजह से शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक कहीं मध्यम तो कहीं हल्का कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता घटी तो उसका असर सड़कों पर आवाजाही पर दिखा। पूर्वाह्न 11 बजेे तक कोहरा रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह आसमान में बादल छाने के कारण अधिकतम तापमान गिरा तो न्यूनतम बढ़ गया।
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.3 डिग्री कम था। मंगलवार को अधिकतम 28.9 और न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले तीन दिन में न्यूनतम तापमान में 3.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। 16 नवंबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 10.7 डिग्री के स्तर पर पहुंच गया था। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक टीबी सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश का कोई सिस्टम बनता नहीं दिख रहा है। 25 नवंबर तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा पड़ने के आसार हैं। आसमान में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। अगले पांच दिन तक तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।