गोरखपुर। मानसून के दौरान जलभराव से बचाव के लिए नगर निगम ने बड़े और छोटे नालों की सफाई अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को बेतियाहाता और रेलवे स्टेशन रोड के बड़े नाले की पोकलेन मशीन से सफाई कराई गई। सफाई के दौरान नालों से बड़ी मात्रा में सिल्ट और प्लास्टिक कचरा निकला।
नगर निगम के अनुसार, शहर के करीब 14 बड़े नालों के साथ अन्य छोटे नालों की भी युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है। हालांकि इससे पहले दो बार सफाई कराई जा चुकी है। इसके बावजूद नालों से भारी मात्रा में सिल्ट और प्लास्टिक निकलना यह दर्शाता है कि लगातार कचरा फेंके जाने और गाद जमा होने की समस्या बनी हुई है।
बुधवार को बेतियाहाता और रेलवे स्टेशन रोड के अलावा कैंट थाना के पास, किराना मंडी, गोरखनाथ और हुमायूंपुर सहित कई स्थानों पर भी नालों की सफाई कराई गई। पोकलेन मशीन और सफाईकर्मियों की मदद से नालों से गाद निकालकर उसका निस्तारण किया गया।
अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन ने बताया कि शहर में नालों की सफाई युद्धस्तर पर जारी है और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने के लिए सभी प्रमुख नालों की लगातार सफाई कराई जा रही है।