भगत चौराहे के पास निर्माणाधीन शोरूम में कर रहा था काम
जिला अस्पताल में कराया गया था भर्ती, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके के भगत चौराहा स्थित निर्माणाधीन शोरूम में शनिवार रात एसी का काम कर रहे कारीगर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित करने पर शव को जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया गया था। उधर, देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उसकी तलाश करते हुए जिला अस्पताल पहुंचे तो मौत की जानकारी हुई।
रविवार की सुबह आक्रोशित परिजन रामगढ़ताल थाने पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इलेक्ट्रिक बर्न से दोनों हाथ जलने व गिरने से सिर के पीछे चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली इलाके के खूनीपुर निवासी इस्तेयाक समानी का 24 वर्षीय बेटा शफत समानी शनिवार की शाम रामगढ़ताल इलाके के भगत चौराहे के पास निर्माणाधीन शोरूम में एसी लगाने गया था। इस दौरान वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शोरूम के कर्मचारी बिना परिजनों को जानकारी दिए शव को मोर्चरी में रखवाकर चले गए।
उधर, देर रात तक जब शफत घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। भोर में करीब तीन बजे वे जिला अस्पताल पहुंचे तो शफत की मौत की जानकारी हुई। शफत को जिला अस्पताल ले जाने वाले ने अपना नाम सिर्फ यादव जी लिखवाया था। परिवार के लोग पता लगाते हुए देवरिया बाईपास रोड पर बन रहे शोरूम पर पहुंचे, जहां शफत की बाइक खड़ी मिली।
इसके बाद परिजन सुबह रामगढ़ताल थाने पर पहुंचकर हत्या का आरोप लगाने लगे। थानेदार ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कहकर परिजनों को शांत कराया। शफत तीन भाई व एक बहन में तीसरे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी।