गोरखपुर में गीडा इलाके के भक्सा गांव के पास बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दस वर्षीय बालक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को हटाया।
हादसे में मृत बालक की पहचान भक्सा गांव निवासी मनोहर के दस वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ के रूप में हुई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने गीडा थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थ किसी काम से सड़क पर गया था। वापस लौटते समय बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। सिद्धार्थ चार भाई बहनों में तीसरे नंबर पर था।
सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत
जंगल कौड़िया। पीपीगंज के पचगांवा ग्राम पंचायत के पास देर रात हुए सड़क हादसे में गांव के संतराज (62) की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, संतराज देर रात घर से शौच के लिए निकले थे। सड़क पार कर रहे थे कि अज्ञात वाहन की ठोकर से बुरी तरह घायल हो गए। काफी देर तक सड़क पर उसी हाल में पड़े रहने से उनकी मौत हो गई। घरवालों को जानकारी भोर में तब हुई जब संतराज को बिस्तर पर न पाकर उनकी तलाश शुरू हुई। तीन दिन पहले संतराज ने बेटी की शादी की थी। संवाद