स्वरोजगार का सपना संजो रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें एक ही छत के नीचे उद्योग, व्यवसाय और स्वरोजगार से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां मिल जाएंगी। यही नहीं बैंक से लोन भी मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए गोलघर स्थित काली मंदिर के पास आधुनिक यूथ अड्डा तैयार किया गया है, जहां बैंकिंग विशेषज्ञ, काउंसलर और तकनीकी टीम ने युवाओं को व्यवसाय से जुड़ी जानकारियां देनी शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत संचालित यूथ अड्डा में 20 से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है जो ऋण आवेदन, ऑनलाइन फॉर्म भरने, परियोजना रिपोर्ट तैयार करने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने में सहायता करेंगे। युवाओं को योजना के तहत अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण दिया जाएगा।
इस ऋण पर 4 वर्षों तक कोई ब्याज नहीं देना होगा। साथ ही लोन लेने के लिए किसी संपत्ति या गारंटी की भी जरूरत नहीं होगी। सरकार की इस योजना से युवाओं को काफी राहत मिलेगी।
यूथ अड्डा में बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं, परियोजना तैयार करने और व्यवसाय शुरू करने संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा। युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार रोजगार और व्यवसाय चुनने में मदद मिलेगी। बैंकिंग विशेषज्ञ, काउंसलर और तकनीकी टीम उन्हें व्यवसाय शुरू करने की पूरी प्रक्रिया समझाएगी।
केंद्र को इस तरह विकसित किया गया है कि यहां पहुंचने वाले युवाओं को उद्योग और व्यवसाय का माहौल महसूस हो। सफल उद्यमियों और उद्योगपतियों से जुड़ी प्रेरणादायक जानकारियां भी प्रदर्शित की गई हैं। यहां विशेषज्ञ युवाओं को व्यवसाय में सफलता के तरीके बताएंगे और उनके विचारों को उद्यम में बदलने के लिए मार्गदर्शन देंगे। जल्द ही मुख्यमंत्री की ओर से इस केंद्र का उद्घाटन किए जाने की संभावना है।
केंद्र का उद्देश्य युवाओं को ज्यादा से ज्यादा स्वरोजगार के लिए प्रोसाहित करना है। एक ही केंद्र पर उन्हें सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी: अजय कुमार श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट मैनेजर, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना
केंद्र पर मिलेगी सुविधाएं
-स्वरोजगार और व्यवसाय संबंधी परामर्श मिलेगा
-बैंक ऋण के लिए बैंककर्मी करेंगे मार्गदर्शन
-ऑनलाइन आवेदन एवं फॉर्म भरने की मिलेगी पूरी सुविधा
-परियोजना रिपोर्ट तैयार कराने में एक्सपर्ट करेंगे सहायता
-सरकारी की तरफ से चलाई जाने वाली योजनाओं की मिलेगी जानकारी
-उद्यमिता प्रशिक्षण और विशेषज्ञों का भी मिलेगा मार्गदर्शन