मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी दशा में आकाशवाणी गोरखपुर के प्रसारण को बंद नहीं किया जाएगा। जल्द ही यहां मोबाइल ट्रांसमीटर की जगह पर्याप्त क्षमता का स्थायी ट्रांसमीटर लगवाया जाएगा। जनता को गोरखपुर आकाशवाणी की सेवाएं हमेशा की तरह मिलती रहेंगी और किसी भी कर्मचारी और कलाकार के हित पर आंच नहीं आने दी जाएगी।
विज्ञप्ति के माध्यम से मुख्यमंत्री ने बताया कि अपने संसदीय कार्यकाल से ही वह दूरदर्शन और आकाशवाणी की सेवाओं के विस्तार पर बल देते रहे हैं। 1972 में स्थापित आकाशवाणी गोरखपुर का प्रसारण क्षेत्र पड़ोसी देश नेपाल तक है और इसके जरिए हम नेपाल तक अपने देश की बातें पहुंचाकर चीन की साजिशों को लेकर उन्हें सचेत भी करते रहे हैं।
अब मोबाइल ट्रांसमीटर की जगह उच्च क्षमता का ट्रांसमीटर लगवाकर प्रसारण सेवाओं को और भी मजबूत किया जाएगा। इससे गोरखपुर आकाशवाणी और भी मजबूत होगी।
जनता को विपक्ष ने बरगलाने का प्रयास किया
मुख्यमंत्री ने आकाशवाणी के मुद्दे पर राजनीति करने वाले विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह सरकार के विकास कार्यक्रमों से हताश-निराश हो चुके हैं। ऐसे में जनता को किसी न किसी बहाने बरगलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। लेकिन जनता उनके मंसूबों को समझ चुकी है।