अनुदेशकों के बच्चों ने चीफ जस्टिस को लिखा पोस्टकार्ड
गोरखपुर। परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों के बच्चों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को पोस्ट कार्ड लिखा। इसमें उन्होंने अपने अभिभावकों का मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपये किए जाने की मांग की।
चेतना तिराहे पर आयोजित कार्यक्रम में अनुदेशक विक्रम सिंह, रणंजय सिंह, करुणेश भट्ट, देवेंद्र लाल, संजय शर्मा, टिंकू जायसवाल, राहुल सिंह, निलेश श्रीवास्तव, प्रतिभा त्रिपाठी, सुजीत विश्वकर्मा, स्वामी नाथ, अशोक सिंह एवं रूपम चौरसिया समेत कई अनुदेशकों के बच्चों ने चीफ जस्टिस को पोस्टकार्ड भेजकर इस मामले में पहल करने की गुहार लगाई। अनुदेशकों के मुताबिक भारत सरकार ने 15 मई, 2017 को अनुदेशकों का मानदेय 8470 रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये कर दिया था। इसके बाद प्रदेश सरकार ने अनुदेशकों का मानदेय 17 हजार करने की बजाय मौजूदा 8470 रुपये से घटाकर मानदेय सात हजार कर दिया। सरकार ने नौ महीने के बढ़े मानदेय की रिकवरी भी कर ली है।