45 दिनों तक छावनी रेलवे स्टेशन से
नीना थापा के रास्ते नहीं जा सकेंगे
गोरखपुर। छावनी रेलवे स्टेशन से नीना थापा जाने वाला मार्ग करीब 45 दिनों तक बंद रखा जाएगा। सीवर लाइन बिछाने के लिए इस सड़क की खुदाई कर रास्ते को डायवर्ट कर दिया गया है। इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को अब एयरपोर्ट से पहले नंदानगर पुलिस चौकी या फिर बिछिया पीएसी गेट होकर जाना होगा। तकरीबन 40 हजार की आबादी इससे प्रभावित होगी।
जल निगम की ओर से नंदानगर इलाके में करीब 100 करोड़ की लागत से सीवर लाइन बिछाई जा रही है। इसी क्रम में छावनी रेलवे स्टेशन से नीना थापा मुख्य मार्ग की खुदाई की गई है और रास्ता डायवर्ट कर दिया गया है। झरना टोला, दरगहिया, नीना थापा, केंद्रीय विद्यालय, एयरफोर्स, एयरफोर्स हॉस्पिटल, गायत्री नगर, लालगंज, कोड़इया, पवन विहार, मोहनापुर इलाके के लोगों को अब रास्ता बदल कर जाना होगा। झरना टोला वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि रमेश प्रताप गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को एयरफोर्स से पहले नंदानगर पुलिस चौकी होते हुए या फिर बिछिया पीएसी गेट होकर जाना होगा।
छह सौ मीटर लंबी और करीब साढ़े चार मीटर गहरी सीवर लाइन बिछायी जानी है। इसकी वजह से छावनी रेलवे स्टेशन से नीना थापा मार्ग की खुदाई की गई है। बीते शुक्रवार से 45 दिनों तक काम पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान मार्ग को बंद रखने को लिखा गया है।
रतनसेन सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम