गंगेश मौत प्रकरण: हाईवे पर ढाई घंटे आवागमन रहा ठप, कई की छूट गई ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बेतियाहाता के फल मंडी निवासी गंगेश दत्त पांडेय की मौत से आक्रोशित परिजनों ने रविवार दोपहर तीन बजे फल मंडी के पास हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वाहनों की कतारें लग गईं। ढाई घंटे जाम की वजह से कई लोगों की ट्रेन छूट गई। काफी इंतजार के बाद भी जाम नहीं खुला तो कई लोग ऑटो से उतरकर पैदल जाते नजर आए।
ऑटो और निजी वाहनों में बैठे लोगों को पहले लगा कि ओवरब्रिज निर्माण की वजह से जाम लगा है, बाद में उन्हें हकीकत का पता चला। जाम में फंसे कई बाइक सवारों ने गलियों का रूख किया तो वहां भी जाम लग गया। ऑटो और ई-रिक्शा से नौसड़ व पैडलेगंज जाने वाले राहगीर, गाड़ी छोड़कर पैदल ही बाहर निकले।
ढाई घंटे तक सड़क बंद होने से पैडलेगंज, रूस्तमपुर, नौसड़ पुल की तरफ सड़क पर गाड़ियों की कतार लग गई। शाम करीब छह बजे जाम हटा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।